Showing posts with label pets. Show all posts
Showing posts with label pets. Show all posts

Tuesday, April 8, 2008

सुन्दरी की बिदाई----

सुन्दरी की बिदाई----

- पंकज अवधिया

रात को सुन्दरी पर लेख लिखने के बाद सुबह पाँच बजे सोया ही था कि मुझे जगाकर बताया गया कि आम के पेड पर तोतो का एक झुण्ड आया है। कैमरा लेकर मै पहुँचा तो लगा जैसे दसो सुन्दरियाँ आम की शाखाओ पर विराजमान है। अचानक मन मे ख्याल आया कि इनसे सुन्दरी को मिलवाया जाये। सुन्दरी को उनके पास लाया गया। आशा के विपरीत जल्दी ही वे आपस मे घुल-मिल गये। सब ने कहा कि लगता है सुन्दरी को अपनाने वाले मिल गये। दिल पर पत्थर रखकर उसे आखिर विदा कर ही दिया। कई घंटो तक वह खुशी-खुशी पेड पर बैठी रही। हमने उसके पंख नही काटे थे और कमरे मे उसे उडने का अभ्यास कराते रहे थे। यही काम आया और कुछ घंटो पहले उसने ऐसी उडान भरी कि पलक झपकते ही नजरो से ओझल हो गयी। सब कुछ जैसे थम सा गया। केवल आँसू ही नही थम रहे-------

Monday, April 7, 2008

एक सुन्दरी मेरे जीवन मे (भाग-पाँच)

एक सुन्दरी मेरे जीवन मे (भाग-पाँच)

- पंकज अवधिया

मनुष्यो का दर्पण से प्रेम तो जग जाहिर है पर पंछियो को भी यह भाता है यह मुझे सुन्दरी के आने के बाद पता चला। सुन्दरी अपने रुप को देखने दर्पण का प्रयोग नही करती –ऐसा हमे लगता है। उसे लगता है कि सामने कोई दूसरा पंछी है उसी की नस्ल का। यही कारण है कि शुरु शुरु मे पिंजरे के अन्दर दर्पण रखने पर उसने चोच से उसे मारना शुरु कर दिया। नाराज भी होती रही पर धीरे-धीरे उसे अन्दर वाला पंछी अच्छा लगने लगा। अब वह घंटो मंत्र-मुग्ध सी उसके सामने बैठी रहती है। खाना भी वही खाती है और सोती भी वही है। पहले कुछ घंटो के लिये उसे अकेला छोडने पर वह चिल्लाती थी पर अब इस नये साथी के साथ वह मजे से रह लेती है।

जैसा कि पहले बताया दर्पण के सामने सुन्दरी मंत्र-मुग्ध सी स्थिर खडी रहती है, न बोलती है न ही किसी और की सुध रहती है इसलिये दिन मे कुछ ही घंटे उसके सामने दर्पण रखा जाता है। सुन्दरी से प्रभावित बच्चे जब उसके लिये गिफ्ट लाने की बात कहते है तो मै उन्हे नये किस्म के दर्पण लाने की राय देता हूँ। सुन्दरी को खुश रखने के लिये घर के सदस्य तरह-तरह की सीटी बजाते है और आवाजे निकालते है। बहुत बार तो सुन्दरी कूद कर दर्पण के सामने आ जाती है इस आस मे कि शायद अन्दर वाला आवाज दे रहा है।

सुन्दरी के आने के बाद आस-पास तरह-तरह की मधुर आवाजे निकालने वाले पंछियो की संख्या बढ गयी है। वैसे हमारे बागीचे मे नाना प्रकार के पेड-पौधे लगे है और हम रसायनो का प्रयोग नही करते है इसलिये बडी संख्या मे चिडियो का बसेरा है। सुन्दरी की सुबह इन्ही आवाजो को सुनते होती है। मै रात भर जागता हूँ इसलिये रात के पंछियो से लेकर सुबह चार बजे आवाज करने वाले पंछियो को सुन पाता हूँ। इसके बाद सुन्दरी की ड्यूटी शुरु होती है। बहुत से तोते भी सुन्दरी की आवाज सुनकर आ जाते है। जंगल मे शिकारी पालतू पंछी की मदद से उनके साथियो को पकडते है।

कुछ वर्षो पहले मै रायगढ मे वानस्पतिक सर्वेक्षण कर रहा था। वहाँ लोगो ने डहूक नामक पंछी पिंजरे मे बन्द कर रखा था। वह सुन्दर नही था न ही उसकी आवाज मधुर थी। ‘फिर क्यो इसे पाला है?’ मैने पूछ ही लिया। उन्होने राज खोला कि इसकी विचित्र आवाज सुनकर इसके साथी आ जाते है और आसानी से पकड लिये जाते है। वे इस पंछी को खाते है। रोज इस तरह इसकी मदद से पंछी पकडे जाते है और खाये जाते है। बडा आश्चर्य लगता है कि कैसे इसके साथी और सजातीय रोज ऐसी बेवकूफी कर बैठते है? कभी तो कोई होशियार पैदा होगा इनके बीच।

चलिये विषय से थोडा भटक ही गये है तो आपको हिरण से जुडा किस्सा भी बताते है। बहुत से वनाँचलो मे हिरण को बचपन से पाल लिया जाता है फिर उसे रोज गुड खिलाया जाता है। बडे होने पर वापस उसे वन मे छोड दिया जाता है। वन मे उसे गुड की याद आती है। वह वापस आता है पर अकेले नही दो-तीन को साथ ले के। ये दो-तीन आते तो है पर वापस नही जा पाते है। पालतू हिरण को गुड मिलता है और फिर उसे वन मे छोड दिया जाता है उसी प्रक्रिया को दोहराने। जब बहुत कम मनुष्य़ थे और बहुत ज्यादा वन्य प्राणी तब तो यह सब बिना किसी पर्यावरणीय असंतुलन के चलता रहता था पर अब मनुष्य़ के यही प्राचीन तरीके उसके लिये अभिशाप बनते जा रहे है। इन वन्य प्राणियो को बचाने की मुहिम मे जुटे लोगो के लिये ऐसी जानकारियाँ महत्वपूर्ण हो सकती है। जंगलो मे जाने से ऐसे राज अक्सर पता चल जाते है। पर इन्हे कहाँ और कैसे बताये यह समझ नही आता। चलिये अब इस लेख के माध्यम से यह सम्भव हुआ।

सुन्दरी के साथियो को चिंतित नही होना चाहिये क्योकि हम उन्हे नही पकडने वाले। इस आस मे कि शायद उसके साथी भी दर्पण से प्रेम करते हो मैने कुछ दर्पण बागीचे मे रखे पर अभी तक तो कुछ रोचक देखने को नही मिला। सुन्दरी के लिये एक खुशखबरी है। एक शीश महल अर्थात दर्पण ही दर्पण से भरे एक विशेष पिंजरे के निर्माण की बात चल रही है। देखिये यह कब सम्भव हो पाता है।

इस लेखमाला के अन्य लेखो को पढने के लिये इस लिंक को क्लिक करे।

[क्षमा करे ये पोस्ट दोबारा शामिल कर रहा हूँ। पहली पोस्ट मे सुधार करते-करते वह डिलिट हो गयी। उसमे दिनेश जी की एक टिप्पणी आयी थी वह भी विलोपित हो गयी। मै उसे डेशबोर्ड मे खोज रहा हूँ। आशा है दिनेश जी क्षमा करेंगे।

आप बताये कि डिलिट पोस्ट को क्या दोबारा प्राप्त किया जा सकता है? यदि हाँ तो कैसे?]

Monday, March 31, 2008

मिलिये हमारी सिन्ड्रेला से

आइए हम आपको मिलवाते है अपनी सिंड्रेला से, ये लेख कुछ साल पुराना है, लेकिन इस ब्लॉग के एकदम उपयुक्त दिखा, इसलिए दोबारा पब्लिश कर रहे है। क्योंकि पुरानी पोस्ट को कई नए चिट्ठाकारों ने नही पढा होगा।



Cyndrella



अब जब अतुल भाई ने कुत्तों का जिक्र छेड़ा है तो हम भी अपनी सिन्ड्रेला से आपको मिलवा दें. हमारी सिन्ड्रेला बहुत सुन्दर है और हमारे घर की सदस्य की तरह है. सिन्ड्रेला आजकल आई आई टी रूड़की मे है, नही भई कोई शोध वगैरहा नही कर रही...बल्कि हमारी साली साहिबा के घर पर पर विराजमान है.

श्वानो से मेरा प्रेम बहुत पुराना रहा है, हमारी पहली पैट थी जिनी, जो अब इस दुनिया मे नही रही, जिनी से हमारा प्यार इस हद तक था कि हम उसे अपने बच्चे की तरह प्यार करते थे, और हम पति पत्नी ने अपने अपने नाम का पहला अक्षर मिलाकर उसका नाम रखा था, यानि कि जितेन्द्र और नीरू( मेरी पत्नी रितु का शादी के पहले का नाम) यानि कि जिनी.

अब सिन्डी उर्फ सिन्ड्रेला की कहानी भी सुन लीजिये, ये है 95% पूडल और 5% पामेरियन प्रजाति की. बहुत नखरे वाली है, बहुत ज्यादा मूडी है, टाम मूडी से भी ज्यादा ,नहाने के नाम पर तो इनको सांप सूंघ जाता है, इनको जैसे ही पता चलता है कि नहाने का समय हो गया है, फिर तो ये ऐसे गायब होती है, जैसे गधे के सर से सींग. इनको लाँन मे टहलना पसन्द है और चोरी चोरी छिप छिप कर किचेन गार्डन से भिन्डियाँ तोड़कर खाना ज्यादा पसन्द है. अब लाँन मे टहलने की वजह से इनके चेहरे की ये हालत होती है तो इनकी हड़काई होनी लाजिम है.

Cyndrella



इनको डर लगता है तो सिर्फ साँप से, बाकियों को ये दौड़ा मारती है. हाँ खाना खाते वक्त यदि आपने अपने हाथ से नही खिलाया तो ये नाराज भी हो जाती है, फिर मनाते रहिये, घन्टों........बच्चों से इनको विशेष प्रेम है, इसी प्रेम के चलते एक बार अपनी टाँगे तुड़वा चुकी है, बच्चों ने इनको एक ऊँची टेबिल से जम्प करवा दिया था, और प्रेम के चलते ये ना नही कर सकी....खैर अब ये कुछ ज्यादा समझदार हो गयी है, शरारती बच्चों से दूर ही रहती है.

अगले कुछ लेखों मे बात करेंगे मेरे श्वानो के प्रेम की, और मेरी पहली श्वान जिनी की, जिसकी याद आते ही आज भी मेरी आँखों मे आंसू आ जाते है।

Wednesday, March 19, 2008

कैरी का परिचय




कैरी यानी हमारा प्यारा सा boxer जो अब दो साल का होने जा रहा है। आज आपको हम उसके परिवार के बारे मे बताने जा रहे है।कैरी जिसे गोवा आने के एक महीने बाद हमने यहां की एक लोकल महिला फातिमा फर्नांडिस से लिया था।फातिमा जो कि एक बहुत बूढी पतली-दुबली महिला है। और अकेले अपने एक गोद लिए हुए बच्चे और तीन बड़े-बड़े boxer के साथ रहती है।

और जब हम कैरी को देखने गए थे तब इसके माता-पिता को देख कर हम तो डर कर भाग ही खड़े हुए थे । उफ़ कितने भयानक और खौफनाक लग रहे थे सब।इतने जोर-जोर से भौंक रहे थे कि कान फट जाए।हमारे बेटे बोले कि आप डरिये मत बस उनको घूर कर देखिये तो वो चुप हो जायेंगे। पर हमे तो ऐसा लग रहा था कि अगर उन्हें मौका मिला तो बिल्कुल चीर-फाड़ कर खा जायेंगे।पर एक अच्छी बात थी कि जैसे ही फातिमा ने उन्हें अन्दर जाने को कहा सारे चुपचाप घर के अन्दर चले गए। और ये है वो तीनों बड़े boxer ।

खैर तीन महीने के कैरी को लेकर हम लोग घर आए तो सवाल ये नही था की कि कैरी रहेगा कहाँ और किसके कमरे मे।क्यूंकि हमारे बेटे तो उसे अपने कमरे मे उसे रखने के तैयार ही बैठे थे। बस हमने ये शर्त रक्खी कि कैरी हमारे कमरे मे नही आएगा। कैरी आ तो गए पर उसके बाद हमे बाजार भी जाना पड़ा बस ये ना पूछिये क्यों ,अरे भाई के खाने -पीने के लिए बर्तन वगैरा जो लाना था। और कैरी को ट्रेन करने की जिम्मेदारी भी हमने अपने बेटों को दी क्यूंकि हमे घर मे गंदगी हो ये बर्दाश्त नही था।और फ़िर शुरू हुई कैरी की ट्रेनिंग ।

एक और नए ब्लॉग की शुरुआत

आज हम एक और नए group ब्लॉग की शुरुआत कर रहे है hamare pets (http ://hamare pets.blogspot.com) इस ब्लॉग के लिए हमे आप सभी का साथ चाहिए। इस ब्लॉग मे हम सभी अपने pets के बारे मे लिख सकते है।क्यूंकि जब हम कोई pet पालते है तो चाहे अप भी,बिल्ली हो, खरगोश हो,चिडिया या तोता हो और चाहे doggi हो , उससे एक अलग सा लगाव हो जाता है।अगर आप भी इससे जुड़ना चाहते है तो बस हमे एक इ -मेल कर दीजियेगा।